मौसम में बदलाव के साथ शुक्रवार की शाम बारिश के साथ ओले पड़े, जिससे ठिठुरन बढ़ गई। वैसे भी पिछले दो दिनों से जिले में बूंदाबादी और तेज हवाओं के चलने से लोग बेहाल हैं।
बृहस्पतिवार रात बारिश होने से किसानों की चिंता बढ़ गई थी। इसके बाद मौसम में ठंड होने के साथ शुक्रवार की सुबह बादल छाए रहे। सुबह करीब 10 बजे सूरज तो निकला लेकिन बादलों की आवाजाही से धूप बेअसर रही। शाम होते-होते हवा थोड़ी तेज चलने लगी और मौसम का मिजाज बदल गया। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में शाम छह बजे के बाद बिजली चमकने के साथ पहले बूंदाबांदी हुई। इसके बाद रात आठ बजे तक बारिश तेज हो गई। साथ ही ठंड भी बढ़ गई। ठंड से बचने के लिए लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा। मनिहारी संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र में 7.30 बजे के बाद बूंदाबांदी के साथ ओले गिरे।