गाजीपुर में जमीन की पैमाइश के लिए एक व्यक्ति से पांच हजार रुपये घूस लेते समय मंगलवार की शाम एंटी करप्शन वाराणसी की टीम ने जखनिया तहसील से लेखपाल अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। भ्रष्टाचार निवारण संगठन वाराणसी के निरीक्षक विनोद कुमार यादव ने बताया कि शादियाबाद थाना क्षेत्र के जगमलजोत गांव निवासी प्रवेश वनवासी की शिकायत पर कार्रवाई की गई है।
लेखपाल पट्टे की जमीन की पैमाइश करने के लिए प्रवेश वनवासी से रिश्वत मांग रहा था। एंटी करप्शन की टीम ने लेखपाल अनिल कुमार निवासी राघव पट्टी थाना मरदह को जखनिया तहसील के पूर्वी गेट के सामने भूमि पैमाइश के नाम पर रिश्वत देने के लिए बुलाया। वहां पांच हजार रुपये रिश्वत लेते समय लेखपाल को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। लेखपाल के खिलाफ भुड़कुड़ा थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।