गाजीपुर। विद्युत विभाग एवं विजिलेंस की संयुक्त टीम ने शनिवार को नगर के विभिन्न मोहल्लों में मार्निंग छापेमारी की। इसमें 42 उपभोक्ता विद्युत मीटर में जा रही केबल के अतिरिक्त अन्य केबल जोड़कर उपभोग करते पाए गए। इस पर उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया।
विद्युत विभाग की टीम ने उर्दू बाजार, नवाबगंज, पोस्ताघाट, मीर मोहल्ला, पंडित टोला आदि क्षेत्रो में मार्निंग बिजली रेड किया गया। इस दौरान 42 घरों में विद्युत मीटर में जा रही केबल के अतिरिक्त अन्य केबल जोड़कर विद्युत का उपभोग करते उपभोक्ता पाए गए। इनके ऊपर रौजा विद्युत थाना में सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। एसडीओ शिवम राय ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग विद्युत बिल का भुगतान समय करें एवं रात में कटिया लगा कर विद्युत उपभोग न करें। मॉर्निंग रेड के दौरान पकड़े जाने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी एवं राजस्व भी क्षतिपूर्ति के रूप में तत्काल वसूली जाएगी। वहीं बकाएदार उपभोक्ता एवं जिन उपभोक्ताओं का विद्युत बिल गलत आ रहा है, वो आज और कल लग रहे विद्युत कैंपों में जा कर बिल सही करा लें। चेकिंग टीम में मुख्य रूप से विजिलेंस इंस्पेक्टर एके सिंह, जेई विजिलेंस पंकज चौहान, विभागीय जेई रोहित कुमार, अविनाश सिंह, विनय तिवारी, राज सैनी, मोनू, संदीप, दिलीप, अजय आदि मौजूद थे।