गाजीपुर में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा गाजीपुर के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव, अखिल भारतीय कायस्थ महासभा (आलोक गुट) के महामंत्री एवं विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा के प्रतिनिधि पप्पूलाल श्रीवास्तव एवं विश्व कायस्थ महासंघ के जिलाध्यक्ष प्रवीण श्रीवास्तव की संयुक्त पत्रकार वार्ता कचहरी स्थित पत्रकार भवन पर रविवार को आयोजित हुई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महासभा के तत्वावधान में दो अक्तूबर को राजनीतिक दलों के उपेक्षात्मक रवैए के विरोध में कायस्थ सम्मान यात्रा आयोजित है। यह यात्रा शास्त्रीनगर स्थित लालबहादुर शास्त्री की प्रतिमा स्थल से आरंभ होकर आमघाट सहकारी कालोनी गांधी पार्क स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थल पर जाकर समाप्त होगी।
उन्होंने कहा कि कायस्थ समाज वर्तमान राजनीतिक परिवेश में राजनीतिक दलों की ओर से किए जा रहे उपेक्षात्मक रवैए से आक्रोशित है। राजनीतिक दल न तो अपनी सरकार में और न ही अपने संगठन में समाज को उचित हिस्सेदारी दे रहे हैं। सर्वविदित है कि समाज भाजपा का परंपरागत मतदाता माना जाता है। भाजपा का परंपरागत मतदाता होने के कारण दूसरे राजनीतिक दल भी हमें तवज्जो नहीं देते हैं लेकिन भाजपा समाज के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश में पिछले लोकसभा के चुनाव में एक भी टिकट कायस्थ समाज को नहीं दिया। प्रदेश से राज्यसभा और विधान परिषद में भी समाज को भेजने का काम भाजपा ने नहीं किया।