गाजीपुर। साहित्य चेतना समाज का 41वां वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं गाजीपुर गौरव सम्मान समारोह रविवार को नगर के एक लॉज में हुआ। इसमें पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र को अंगवस्त्र, स्मृति-चिह्न व प्रशस्ति पत्र देकर गाजीपुर गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया।
इस दौरान कलराज मिश्र ने कहा कि गाजीपुर साहित्यिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक रूप से समृद्ध जनपद रहा है। यह ऋषियों और तपस्वियों की भूमि है, जहां के लोगों ने शौर्य और पराक्रम से अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि गाजीपुर की पवित्र मिट्टी ने उन्हें संस्कारित किया है और उन्हें अपने जन्मस्थान पर गर्व है।
योगी आनंद ने कहा कि ऐसी संस्थाएं समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को स्मृति-चिह्न व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। बाल कलाकारों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया। अध्यक्षीय संबोधन में पूर्व कुलपति प्रो. राममोहन पाठक ने कहा कि बिना शासकीय सहायता के जनसहयोग से ऐसे आयोजन अनुकरणीय हैं। कार्यक्रम में जिपं अध्यक्ष सपना सिंह, नप अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, डॉ. श्रीकांत पांडेय, बिनोद उपाध्याय, अमरनाथ तिवारी रहे। संचालन संजीव गुप्त और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रविनंदन वर्मा ने किया।
पूर्व राज्यपाल का जिले में स्वागत
गाजीपुर। राजस्थान के पूर्व राज्यपाल भाजपा के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र का रविवार को कैथी टोल प्लाजा से जिला मुख्यालय तक जगह-जगह स्वागत किया गया। गाजीपुर की सीमा में प्रवेश से पहले ही भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, जिपं अध्यक्ष सपना सिंह के नेतृत्व में दयाशंकर पांडेय, प्रवीण सिंह, ओमकार मिश्र ने स्वागत किया। सिधौना में भाजपा के रामतेज पांडेय, अचल सिंह, विजय यादव, देवकली में अखिलेश कुशवाहा, प्रवीण पांडेय, कमलेश पांडेय ने स्वागत किया। महाराजगंज में जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, सुरेश बिंद ने स्वागत किया।