गाजीपुर। अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत जिला प्रशासन के निर्देश पर मंगलवार की देर शाम शहर के विभिन्न मुहल्लों में सड़क पर दुकानदारों की तरफ से किए गए अवैध कब्जे को हटवाया गया। उपजिलाधिकारी सदर प्रतिभा मिश्र एवं क्षेत्राधिकारी सदर ओजस्वी चावला के नेतृत्व में घंटों चले इस अभियान के दौरान नालियों एवं सड़क की पटरी पर किए अतिक्रमण को जेसीबी से तोड़ा गया। इसके चलते अतिक्रमण कारियों में हड़कंप रहा।
सादात संवाददाता के अनुसार बुधवार को नगर पंचायत के सभी वार्डों में सड़क पर अवैध कब्जाधारियों से कब्जा हटवाया गया। नगर पंचायत के प्रशासनिक अधिकारी संदीप सिंह और थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव के निर्देशन में अभियान रघुवंश चौराहा से शुरू हुआ। चौराहे पर तमाम दुकानदारों, गुमटी और ठेले वालों ने सड़क की पटरी पर अवैध कब्जा कर रखा था। पुलिस ने कब्जा हटवा कर दोनों पटरियों को खाली कराया। इससे आगे बढ़ते हुए बस स्टैंड चौराहा तक भी अवैध कब्जा हटवाया गया। पुलिस ने बाजार के अंदर सड़क पर अवैध कब्जाधारी दुकानदारों, ठेले वालों और गुमटी वालों को हटवाया। बहादुरगंज संवाददाता के अनुसार अधिशासी अधिकारी एसपी सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाकर नाला एवं फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। दुकानदारों को हिदायत देते हुए अधिशासी अधिकारी ने कहा कि दोबारा अतिक्रमण करने पर कठोर कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा। कुछ दुकानदारों ने अधिकारी के हाथ जोड़कर कुछ देर की मोहलत मांग अतिक्रमण हटा लिया। नगर पंचायत क्षेत्र के स्टेट बैंक से ईदगाह तक की सड़क के दोनों तरफ की पटरियों पर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई की गई। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को बाजार में अभियान चलाया जाएगा। बिल्डिंग मटीरियल की दुकानों पर एक दिन का समय देते हुए कहा कि मोहलत के बाद पटरियां साफ नहीं हुई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दुकानदारों को आगाह किया कि दुकान के सामने अगर कोई ठेला लगाता है तो उसकी सूचना नगर पंचायत प्रशासन को दें जिससे उस पर कार्रवाई की जा सके। अन्यथा की स्थिति में दोनों के ऊपर जुर्माना लगाया जाएगा।
जमानिया। शासन के निर्देश पर नगर समेत देहात क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने के बावजूद लोग फिर से दुकान सजाने ले रहे हैं। नगर में तहसील नगर पालिका प्रशासन एवं पुलिस की टीम लगातार अभियान चलाकर सड़क की पटरी पर बनी नाली के ऊपर से अतिक्रमण हटवाया गया लेकिन कुछ लोग प्रशासन पर पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए फिर से अतिक्रमण कर लिया। मालूम हो कि विकासखंड तिराहे के पास महज चंद रोज पहले अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन कुछ लोग पुन: नालियों पर अतिक्रमण कर लिया है। वहीं, कुछ व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपने सामान एवं गुमटी हटा ली और आज भी मौके पर यथास्थिति कायम है लेकिन कुछ लोग मानने को तैयार नहीं हैं और सरकार के फरमान के उलट नालियों पर अतिक्रमण करने के लिए आतुर हैं। आम दिनों की तर्ज पर अभी भी दुकान सजाए हुए हैं और बेखौफ दुकानदारी कर रहे हैं। इस संबंध में एसडीएम भारत भार्गव ने बताया कि 25 मई तक की मोहलत दी गई थी कि स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लें। अभी भी कुछ लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया है। अगर प्रशासन द्वारा हटाया जाएगा तो दंडात्मक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताया कि पुन: अतिक्रमण करने वाले के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।