गाजीपुर। शहर के महुआबाग स्थित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में बुधवार को जिले में संचालित चौदह कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की वार्डेन की बैठक आयोजित की गई। इसमें जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने विद्यालयवार शैक्षिक सत्र 2022-23 में नामांकन की समीक्षा की। सैदपुर, मनिहारी, बिरनो, जखनिया, जमानिया की वार्डेन को लक्ष्य के सापेक्ष 30 मई तक नामांकन पूर्ण करने तथा सभी वार्डेन को विद्यालय में अध्ययनरत सभी छात्राओं का प्रेरणा पोर्टल पर सत्यापन एवं विवरण अपलोड करने का निर्देश दिया।
उन्होंने गत शैक्षिक सत्र 2021-22 में डीबीटी से लाभान्वित छात्राओं की ड्रेस युक्त फोटो प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड करने तथा विद्यालय के सभी शिक्षण एवं शिक्षणेत्तर कमियों की उपस्थिति प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड करने का भी निर्देश दिया। कहा कि अगर कोई शिक्षक या शिक्षणेत्तर कर्मी अपनी उपस्थिति प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड नहीं करेगा तो उक्त दिवस का मानदेय देय नहीं होगा। वर्तमान सत्र में अध्यनरत सभी छात्राओं की प्रेरणा पोर्टल पर उपस्थिति की समीक्षा के दौरान उन्होंने यह पाया कि केवल भांवरकोल, कासिमाबाद, जखनिया, देवकली एवं बाराचंवर विद्यालय की ओर से नियमित रूप से उपस्थिति प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड की जा रही है। शेष विद्यालयों की तरफ से छात्राओं की उपस्थिति प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड नहीं की जा रही है। उन्होंने नियमित उपस्थिति अपलोड करने के लिए वार्डेन को निर्देश दिया। हिदायत दिया कि अगर उनकी ओर से नियमित रूप से छात्राओं की उपस्थिति अपलोड नहीं की जाएगी तो उनका मानदेय अवरुद्ध कर दिया जाएगा। वर्तमान सत्र में अध्ययनरत छात्राओं के अभिभावकों के सक्रिय बैंक पासबुक एकत्र कर स्टाईपेंड की कार्रवाई करने का बीएसए ने निर्देश दिया। इस अवसर पर सभी वार्डेन, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा अमित राय आदि उपस्थित थे।