गाजीपुर। शहर में बसों का बेरोकटोक ठहराव और यात्री सुविधाओं के अभाव से लोगों को रोजाना जाम की दुश्वारियों से जूझना पड़ रहा है। शहर के भीतरी ट्रैफिक को नियंत्रित करने और यात्री सुविधाओं को बहाल करने को लेकर प्रशासन के पास कारगर इंतजाम नहीं हैं। इससे लंका और स्टेशन मार्ग पर पूरे दिन जाम की समस्या बनी रहती है। इन रूटों पर लोगों को धूप, बारिश और धूल के बीच सड़क पर रेंगकर गुजरना पड़ता है।
इन मुख्य मार्गों पर बस स्टॉपेज और बस बॉक्स की भी कोई सुविधा नहीं है। जबकि शहर के चारों ओर सड़कों का जाल बिछने से राजधानी लखनऊ सहित अन्य शहरों से जनपद की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। इससे शहर के भीतर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने लगा है। आने वाले दिनों में ट्रैफिक के कई गुना बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे में शहर के बीचोबीच बसे मालगोदाम रोड स्थित रोडवेज बस स्टैंड और लंका स्थित निजी बस स्टैंड जाम की समस्या पैदा कर रहे हैं। शहर के मुख्य मार्गाों पर बस स्टॉपेज और बस बॉक्स की सुविधा का अभाव होने से बनारस, बलिया, आजमगढ़, मऊ, गोरखपुर जाने वालों बसों का इंतजार करने के लिए सड़क के किनारे खड़ा रहना पड़ता है। इससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था लगभग रोज प्रभावित होती है और लंका सहित स्टेशन मार्ग पर दिन भर जाम की स्थिति बनी रहती है। वहीं, शहर के दोनों मुख्य मार्गों पर रोडवेज और निजी बसें बेरोकटोक यात्री चढ़ाती हैं। इससे पूरे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था दिनभर प्रभावित रहती है।