क्षेत्र के सईचना गांव में बुधवार की देर शाम खेत की सिंचाई कर रहे किसान की मौत हो गई। परिजनों ने ठंड से मौत होने की आशंका जाहिर की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
गांव निवासी किसान राजेश राम (47) देर शाम अपने मित्र सतीश के साथ खेत की सिंचाई करने गया था। इस दौरान वह वहां कांपने लगा। यह देख मित्र सतीश किसी तरह कंधे पर उठाकर देवकली स्थित निजी अस्पताल लाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इधर घटना की जानकारी होते ही परिवार के लोग रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे और शव लेकर घर आए। परिजनों के रोने की आवाज सुनकर दरवाजे पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर थाने आई। घटना के दूसरे दिन शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र प्रद्युम्न राम ने ठंड से मौत होने की आशंका व्यक्त की। इस संबंध में थानाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।