गाजीपुर। शहर के गोराबाजार स्थित नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित एआईएफएफ सब-जूनियर यूथ लीग (अंडर-14) फुटबॉल के मुकाबले में मेजबान इंटर काशी ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने फ्यूचर स्टार स्पोर्ट्स अकादमी, बिहार को 2-0 से शिकस्त दी।
मैच की शुरुआत से ही इंटर काशी ने आक्रामक खेल दिखाया। पहले हाफ में टीम के खिलाड़ी सुयश ने गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई, जो हाफ टाइम तक कायम रही। दूसरे हाफ में भी इंटर काशी का दबदबा जारी रहा। इसी दौरान आयरामन रावल ने शानदार गोल कर बढ़त को 2-0 कर दिया। इसके बाद विरोधी टीम वापसी नहीं कर सकी और मुकाबला इंटर काशी के नाम रहा। मैच के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर सर्वदेव यादव, नफीस अहमद, रईस अहमद, फुटबॉल कोच संगीता यादव और जिला फुटबॉल संघ के संयुक्त सचिव मुहम्मद मोईन समेत कई खेल प्रेमी मौजूद रहे।