जिले में गेहूं की खरीद शुरू हुए डेढ़ महीने से ज्यादा का समय बीत गया है। इसके बावजूद अब तक 11.84 प्रतिशत यानी 9827 मीट्रिक टन से कुछ अधिक की खरीद की जा सकी है। न्यूनतम समर्थन मूल्य से बाजार भाव अधिक होने के कारण खरीद का हाल इस बार अच्छा नहीं रहा है। निर्धारित समय सीमा खत्म होने में करीब पचीस दिन शेष हैं। ऐसे में लक्ष्य पूरा कर पाना मुमकिन नहीं दिखाई दे रहा है। विभाग के अनुसार गेहूं की कम खरीद होने से राशन वितरण पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
जिले को इस वर्ष 83 हजार एमटी गेहूं की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके लिए विभिन्न संस्थाओं के कुल 73 क्रय केंद्र खोले गए। इनमें खाद्य विभाग के 17, पीसीएफ के 19, यूपीपीसीयू के 23, यूपीएसएस 11, भारतीय खाद्य निगम का एक तथा मंडी समिति से संबद्ध एफपीओ-एफपीसी के दो केंद्र हैं। शासन ने पिछले वर्ष की तुलना में इस बार समर्थन मूल्य में चालीस रुपये का इजाफा किया है। बीते वर्ष जहां यह 1975 रुपये था वहीं इस वर्ष 2015 रुपये प्रति कुंतल पर खरीद की जा रही है। इसके बाद भी शुरू से ही किसानों की तरफ से रुचि नहीं ली गई। इसका नतीजा यह रहा कि केंद्रों पर खरीद की रफ्तार नहीं बढ़ पाई। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि करीब पचास दिन बाद भी 9827.869 एमटी की खरीद की जा सकी है। यह कुल लक्ष्य का 11.84 फीसदी है। खरीद की रफ्तार न बढ़ने के पीछे न्यूनतम समर्थन मूल्य से बाजार भाव का अधिक होना कारण बताया जा रहा है। खरीद बढ़ाने के लिए जिला स्तर पर सचल क्रय केंद्र संचालित किए जा रहे हैं लेकिन इसका भी कोई असर नहीं दिखाई दे रहा है। 15 जून तक की अवधि खरीद के लिए निश्चित की गई है। ऐसे में शेष पचीस दिनों में लक्ष्य पूरा कर पाना आसान नहीं दिखाई दे रहा है।
किसानों को बाजार भाव अच्छा मिल रहा है। इस कारण किसान रुचि नहीं ले रहे हैं। वह निजी व्यापारियों को गेहूं की बिक्री कर दे रहे हैं। क्रय केंद्र पर खरीद बढ़ाने के लिए प्रयास किया जा रहा है- रतन कुमार शुक्ला, जिला खाद्य विपणन अधिकारी
2321 किसानों से हुई खरीद
गाजीपुर। जिले में 9827.869 एमटी की खरीद 2321 किसानों से की गई है। इसमें खाद्य विभाग ने 5512.466, पीसीएफ 1971.862, यूपीपीसीयू समिति से संबद्ध एफपीओ-एफपीसी ने 7.500 एमटी की खरीद 18 मई तक की है। इसके अलावा यूपीएसएस 577.052 एवं भारतीय खाद्य निगम की तरफ से 220.350 एमटी की खरीद की जा सकी है।
खरीद का 1767 किसानों को हुआ भुगतान
गाजीपुर। जिले में सभी संस्थाओं की ओर से 2321 किसानों से 9827.869 एमटी की खरीद की गई है। इन किसानों को 1980.32 लाख का भुगातन किया जाना है जिसमें 1767 किसानों को 1543.70 लाख का भुगतान कर दिया गया है। 436.62 लाख भुगतान अवशेष है। शेष के भुगतान का कार्य किया जा रहा है।
शाम साढ़े चार बजे बंद मिला क्रय केंद्र
मरदह। ब्लाक के भवानीपुर कंसहरी गांव स्थित गेहूं क्रय केंद्र पर 18 मई तक लगभग 4000 हजार कुंतल खरीद की गई है। क्रय केंद्र सुबह नौ से शाम छह बजे तक खुलने का समय निर्धारित है लेकिन बृहस्पतिवार को शाम 4:30 बजे ताला बंद रहा। इस सबंध में केंद्र प्रभारी प्रेमनारायण यादव ने बताया कि आज मात्र तीन किसान केंद्र पर पहुंचे थे जिनका गेहूं तौल किया गया। गांव में घूमकर किसानों से संपर्क कर उनको गेहूं बेचने के लिए केंद्र पर पहुंचने के लिए कहा जा रहा है। इस कारण केंद्र को बंद किया गया था।