सादात-सैदपुर मार्ग पर शुक्रवार को दिन में करीब दो बजे ट्रक और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के दौरान ट्रक गड्ढे में जा गिरी। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बीच सड़क से हटा कर आवागमन को शुरू कराया।
सवास निवासी सुनील गोंड (35) और उसकी पत्नी सुनीता (32) बाइक से सादात बाजार जा रहे थे। जहां पत्नी को टिटनेश का टीका लगवाना था। जैसे ही वह शिशुआपार गांव के पास पहुंचा। सामने से ट्रक आ रहा था और उनके आगे से स्कार्पियो जा रही थी। स्कार्पियो को ओवर टेक करने के चक्कर में सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही पति और पत्नी सड़क पर कुछ दूर जा गिरे। उन दोनों का सिर फट गया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, ट्रक अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी। टक्कर लगने से मोटरसाइकिल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना होते ही मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को सड़क से हटाया।
तीन मासूम बच्चों के विलाप से कांप जा रहा कलेजा
सादात थाना क्षेत्र के सवास गांव में शुक्रवार की दोपहर पति-पत्नी की सड़क हादसे में मौत से उसके परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा। पूरा गांव इस घटना से गमगीन होने के साथ परिजनों और तीन मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक दंपती 35 वर्षीय सुनील गोंड और उसकी 32 वर्षीय पत्नी सुनीता के तीन संतान हैं। जो अभी छोटे हैं। मां-बाप का सिर से साया उठने के बाद परिजनों और गांव वालों को उनकी चिंता सबसे अधिक सताने लगी है। बच्चों में सूरज सबसे बड़ा है। जिसकी उम्र अभी 10 साल है। दूसरे नंबर पर सनी है जिसकी उम्र आठ है। सबसे छोटी छह साल की शिवानी है। जब से तीनों बच्चों को मम्मी-पापा के मौत की जानकारी मिली है। तीनों बिलख रहे हैं। गांव की महिलाएं उनको गोंद में लेकर बार-बार चुप कराने की नाकाम कोशिश कर रही हैं। बच्चों के विलाप से आस-पास के लोगों का कलेजा कांप जा रहा है। बच्चों का रोना देख सभी की आंखें नम हो गई हैं।