गाजीपुर/गहमर। हिस्ट्रीशीटर सुधीर पासी उर्फ ध्रुव और समीम शाह को शनिवार की रात गहमर पुलिस ने रेवतीपुर बॉर्डर से मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। दाहिने और बाएं पैर में गोली लगने से सुधीर और दाहिने पैर में गोली लगने से समीम घायल हो गए। दोनों के पास से आजमगढ़ चोरी हुई बाइक, दो तमंचा, तीन खोखा, एक मिस कारतूस, एक कारतूस, पांच मोबाइल, एक सोने की चेन और लूट के 90,620 रुपये बरामद हुए। दोनों पर दुकानदार पर तमंचे से हमलाकर 60 हजार रुपये, एक सोने की चेन लूटने और कटरा गैंग का सदस्य बताकर 20 हजार रंगदारी मांगने का आरोप है।
एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर ने बताया कि 29 जुलाई रेवतीपुर थाना के नवली गांव निवासी मेराज कुरैशी ने तहरीर दी थी कि उनकी मीट की दुकान नवली में है। दुकान पर बाइक सवार दो लोग 29 जुलाई को आए और चार बकरे बेचने की बात की। इसके बाद वह दुकानदार अपने भाई आजाद कुरैशी के साथ बकरे लेने चला गया। बसुका व करहिया गांव के बीच स्थित मंदिर के पास बाइक सवार दोनों बदमाशों ने दुकानदार के सिर पर तमंचे से वारकर मारपीट कर 60 हजार रुपये और सोने की एक चेन लूट ली। पीड़ित बाइक से गिरकर घायल हो गया और उसका दाहिना हाथ टूट गया। इस संबंध में पुलिस प्राथमिकी दर्ज जांच में जुटी रही।
एसपी ग्रामीण ने बताया कि इधर, गदाईपुर निवासी नवीन पांडेय ने जानकारी दी कि कामाख्या धाम मंदिर पर मैरिज हॉल है। एक मोबाइल नंबर पर अज्ञात बदमाश ने फोन कर शंकर पांडेय कटरा गैंग का सदस्य बताते हुए 20 हजार रुपये रंगदारी मांगी। जब पीड़ित ने मना किया तो बदमाश ने कहा कि पैसा नहीं दोगे तो गोली मारकर हत्या कर दूंगा। इस मामले में भी प्राथमिकी दर्जकर छानबीन की जा रही थी।
एसपी ग्रामीण ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक नंदकुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ रेवतीपुर बॉर्डर पर गश्त पर थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार करने का प्रयास करने लगी। बाइक सवार बदमाशों ने घिरा देखकर पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मरदह का हिस्ट्रीशीटर/लुटेरा व नोनरा निवासी सुधीर पासी उर्फ ध्रुव के दोनों पैरों में और उसके साथी दुल्लहपुर थाना के मलेठी निवासी समीम को एक पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार कर लिया। साथ ही मुठभेड़ में घायल होने पर उपचार के लिए भेज दिया। एसपी ग्रामीण ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के साथ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मरदह के हिस्ट्रीशीटर पर दर्ज हैं 35 आपराधिक मामले
एसपी ग्रामीण ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार सुधीर पासी उर्फ ध्रुव मरदह थाना के हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ मुहम्मदाबाद कोतवाली में दो, मऊ कोतवाली में गैंगस्टर सहित तीन, जंगीपुर में दो, शहर कोतवाली तीन, नोनहरा एक, कासिमाबाद कोतवाली तीन, मरदह में दस, बिरनो में पांच, गहमर तीन, सादात एक, सुल्तानपुर जनपद के अखंडनगर थाना में एक आजमगढ़ जनपद के जहानागंज थाना में एक प्राथमिकी दर्ज है। शातिर बदमाश समीम शाह पर गहमर थाने में तीन, सादात में एक और शहर कोतवाली में एक प्राथमिकी दर्ज है।
पुलिस मुठभेड़ में घायल बदमाश। स्रोत- पुलिस विभाग