जमानिया। कोतवाली पुलिस, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने बिहार प्रांत की सीमा से सटे करमहरी गांव के पास से वाहन चेकिंग के दौरान बुधवार की रात दो अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही दो करोड़ की 915 ग्राम हेरोइन और एक बाइक बरामद की। पूछताछ के बाद विधिक कार्रवाई में जुट गई। दोनों बाइक से झोले में हेरोइन ले जा रहे थे।
सीओ रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि सूचना मिली थी कि दो तस्कर भारी मात्रा में हेरोइन लेकर बिहार जाने की फिराक में हैं। सक्रिय पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से करमहरी गांव के पास वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो व्यक्ति तेजी से आते हुए दिखाई पड़े। टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो उन्होंने बाइक की गति बढ़ा दी। कुछ ही दूरी पर पीछा कर पुलिस ने तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान झोले में छिपाकर रखी गई 915 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम नरसिंहपुर गांव निवासी प्यारे चौधरी और बिहार प्रांत के भोजपुर जनपद के बिहिया थाना क्षेत्र के तेहरा चौराहा निवासी अशोक कुमार बताया। पुलिस दोनों से पूछताछ करने के साथ तस्करों के नेटवर्क की छानबीन में जुटी हुई है। बताया कि दोनों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मेडिकल परीक्षण के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया और बरामद बाइक सीज कर दी गई है।
जुलाई से अब तक 18 तस्कर गिरफ्तार
एक जुलाई से अब तक 18 तस्कर गिरफ्तार किए गए। आरोपियों के पास से 657 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 1.65 करोड़ आंकी गई है। जबकि करीब दो किलो हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में 3.80 करोड़ रुपये कीमत है। एक दिन पहले भी बुधवार की रात औड़िहार रेलवे स्टेशन के बाहर बाइक स्टैंड के पास से 58 लाख के गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं।