धरम्मरपुर-जमानियां गंगा पुल के पास टूटकर सड़क पर गिरा हाइट गेज बैरियर। संवाद
करंडा। क्षेत्र के धरम्मरपुर-जमानिया पक्का पुल पर ओवरलोड वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए लगाया गया हाईट गेज बैरियर 48 घंटे भी नहीं टिक सका। शनिवार की देर रात किसी वाहन की टक्कर से हाइट गेज बैरियर क्षतिग्रस्त हो गया। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें ट्रैक्टर ट्राॅली से बैरियर के ऊपरी हिस्से को उठाकर ट्रेलर को पास कराया जा रहा है। हालांकि इस वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है।
भारी वाहनों के आवागमन पर रोक के लिए बीते 12 जून को लोक निर्माण विभाग ने पक्का पुल पर लोहे का हाईट गेज बैरियर लगाया था। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस कर्मी से जानकारी मिली है कि रात में किसी वाहन से हाईट गेज बैरियर क्षतिग्रस्त हो गया है। जानकारी उच्चाधिकारियाें को दे दी गई है। डीएम के निर्देश पर हाईट गेज बैरियर लगाया गया था। वायरल वीडियो जानकारी नहीं है। लोगों ने क्षतिग्रस्त हाईट गेज बैरियर की तत्काल मरम्मत कर दोषी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
धरम्मरपुर- जमानिया पक्का पुल पर लगा हाईट गेज बैरियर रात में किसी वाहन ने क्षतिग्रस्त कर दिया है। एसडीएम को रिपोर्ट भेजी गई है। जल्द मरम्मत कराकर हाईट गेज बैरियर लगा दिया जाएगा। - संतोष कुमार वार्ष्णेय, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग