वीर अब्दुुल हमीद सेतु पर लगा 360 डिग्री इंफ्रारेड नाइट विजन हाई-रेजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरा। संवा
सुहवल। गंगा नदी पर स्थित वीर अब्दुल हमीद सेतु की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एनएचएआई ने रविवार को एक अत्याधुनिक 360 डिग्री इंफ्रारेड नाइट विजन हाई-रेजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरा लगाया है। इससे सेतु की निगरानी होगी। इससे पहले भी पुल को चार सीसीटीवी कैमरे से लैस किया गया था। अब सेतु पर प्रत्येक गतिविधि पर निगरानी रखी जाएगी।
एनएचएआई के पीडी अजय सिंह ने बताया कि इस नई प्रणाली के कारण अब हमीद सेतु का कोई भी हिस्सा निगरानी से बाहर नहीं रहेगा। इस हाई-रेजोल्यूशन कैमरे की कवरेज में पास स्थित रेल सह सड़क पुल भी शामिल होगा, जिससे उस क्षेत्र की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। इसके पूर्व चार जून को हमीद सेतु पर जगह-जगह चार सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। पुल पर वाहनों और अन्य गतिविधियों पर दिन-रात नजर रखने में सहयोग मिलेगा। कैमरे की निगरानी के लिए एनएचएआई मुख्यालय में एक विशेष मॉनिटरिंग सेल स्थापित की गई है, जहां से कैमरे की लाइव फुटेज पर लगातार नजर रखी जा रही है।
बताया कि कैमरों की मदद से पुल एवं उसके आसपास होने वाली प्रत्येक गतिविधि पर प्रभावी नजर रहेगी। एनएचएआई के पीडी अजय सिंह ने बताया कि कैमरे के लग जाने से सेतु से गुजर वाहनों की भी पूरी जानकारी मिलेगी।
ट्रैक्टर-ट्रॉली व ट्रेलर के गिरने पर सतर्क हुए
सुहवल। वीर अब्दुल हमीद सेतु पर वाहनों की रफ्तार और ओवरलोड ट्रेलरों के धड़ल्ले से आवागमन करने पर रोक लगाने के लिए विभाग की तब तंद्रा टूटी, जब एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बाइक सवार को बचाने के चक्कर में पुल की रेलिंग को तोड़ते हुए गंगा में चली गई थी। हादसे में चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, सब्जी लदे पिकअप को टक्कर मारते हुए ट्रेलर गंगा में गिर गया था। घटना में चालक व खलासी की मौत हो गई थी। जबकि ट्रेलर अब तक गंगा में ही है।