जमानिया। रेवतीपुर थानाक्षेत्र के बहोरिक राय पट्टी गांव स्थित पोखरी में शनिवार को छह वर्षीय मासूम का शव उतराता मिला।
बच्चा पिछले चार दिनों से घर से लापता था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। बच्चे की मां ने हत्या कर शव को पोखरी में फेंकने की आशंका जाहिर करते हुए थाने में तहरीर दी है।
बहोरिक राय पट्टी गांव निवासी नागवंती का छह वर्षीय बेटा शिवम 27 मई की शाम खेलने के लिए घर से बाहर गया था लेकिन घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की मगर जब पता नहीं चला तो थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
उधर, गांव स्थित एक पोखरी में उसका शव शनिवार की सुबह लोगोें ने उतराया देखकर शोर मचाया।
घटना की सूचना मिलते ही नागवंती बदहवास हालत में मौके पर पहुंची और हत्या कर फेंकने का आरोप लगाते हुए बिलखने लगी।
मौके पर पहुंचे सीओ रामकृष्ण तिवारी ने मामले की जांच की।
उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।