दुल्लहपुर। थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव में बृहस्पतिवार की सुबह राजाराम कुमार (25) का शव घर की छत से सटे नीम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला। पुलिस को छत पर सुसाइड नोट मिला। उसमें लिखा था - दोनों निर्दोष हैं, ऊपर वाला न्याय करेगा...। पिता ने आरोप लगाया कि धमकी व कानूनी कार्रवाई के डर से पुत्र अवसाद में था। 13 अप्रैल को मारपीट के बाद गांव के कुछ लोग उसे जेल भेजने की धमकी दे रहे थे।
थानाध्यक्ष वागिश विक्रम सिंह ने बताया कि रामअवध राम ने बताया कि बीते 13 अप्रैल को गांव के ही एक व्यक्ति से उनके पुत्र राजाराम की कहासुनी और मारपीट हुई थी। इसमें उस व्यक्ति का पैर टूट गया था, जिसका उपचार मऊ के निजी अस्पताल में चल रहा है। आरोप लगाया कि इस घटना के बाद गांव के कुछ युवक पुत्र राजाराम को लगातार डरा-धमका रहे थे। उसे बार-बार कह रहे थे कि पैर तोड़ा है, तुम्हें जेल होगी। इससे पुत्र राजाराम डर के कारण अवसाद में चला गया था। थानाध्यक्ष ने बताया कि मारपीट के मामले में उस दिन पुलिस को तहरीर नहीं मिली थी। जिस व्यक्ति का पैर टूटा था, उसने 22 अप्रैल को शिकायती पत्र दिया था। राजाराम तीन भाइयों और तीन बहनों में पांचवें नंबर पर था। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सुसाइड नोट और मौके से मिले तथ्यों की जांच की जा रही है। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रदीप कुमार, पूर्व प्रधान मुन्नाा, जिला पंचायत सदस्य भरत ने पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की। संवाद