गाजीपुर के जंगीपुर थाना क्षेत्र के मिठ्ठा पारा गांव के कच्चे मार्ग पर गड्ढे में भरे बाढ़ के पानी में शुक्रवार की दोपहर एक बालिका की डूूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद घटना स्थल के पास ही शव बरामद किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर हादसे के बाद परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में मातम फैल गया।
मिठ्ठापारा गांव निवासी वीरेंद्र यादव का गांव के बाहर डेरा है। बेसो नदी में आई बाढ़ का पानी डेरा तक पहुंचने पर परिवार के लोग सामान निकालकर घर ले जा रहे थे। इस कार्य में बालिका रुचि यादव (10) भी जुटी हुई थी। परिजन सामान लेकर घर जा रहे थे। इधर बालिका भी उनके पीछे-पीछे घर जाने लगी। परिवार के लोग घर चले गए, लेकिन बालिका कच्चे मार्ग पर बने गड्ढे में लगे बाढ़ के पानी में डूब गई। इधर परिवार के लोग बालिका की जब तलाश में जुटे तो गड्ढे में बालिका का कपड़ा दिखाई दिया।
परिजन ग्रामीणों की मदद से बालिका को पानी से जब-तक बाहर निकालते उसकी मौत हो चुकी थी। इधर घटना की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दी। वहीं हादसे के बाद परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में मातम पसर गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष यजुवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।