गाजीपुर हादसे के दूसरे दिन शनिवार को एक और महिला तीर्थयात्री की माैत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को गोरखपुर रेफर कर दिया गया। 10 लोगों की हालत में सुधार होन के बाद उन्हें डिस्चार्ज किया गया।
Ghazipur Road Accident News Today : वाराणसी-गाजीपुर हाईवे पर रेवसा गांव के समीप दर्दनाक सड़क हादसे में घायल एक और महिला तीर्थयात्री की शुक्रवार देर रात मौत हो गई। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है।
विज्ञापन
तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस से आरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया है। जबकि शेष 10 घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
हाईवे पर शुक्रवार को दोपहर लगभग पाैने तीन बजे महाकुंभ से गोरखपुर लौट रही पिकअप का डाला टूटने से गिरे आठ श्रद्धालुओं की ट्रेलर ने कुचलकर मौत हो गई थी, जबकि 15 लोग घायल हो गए थे।
विज्ञापन
रात में करीब ढाई बजे मेडिकल काॅलेज अस्पताल में भर्ती गोरखपुर के बांसगांव थानाक्षेत्र के हरदीचक गांव निवासी सुभावती (40) पत्नी शिव ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर घर भेज दिया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल बल्लोचक गांव की गंगा (55), लालदेवी (55) और हरदीचक निवासी सोमारी (55) को उनके परिजनों की मांग पर अलग-अलग तीन लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस से बाबा राघव दास मेडिकल काॅलेज भेज दिया गया। इसके अलावा अन्य सभी घायलों को डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया।
बोले अधिकारी
हादसे में कुल नौ श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। सभी शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। तीन श्रद्धालुओं की हालत गंभीर बनी हुई है। उनके परिजनों की मांग पर उन्हें बीआरडी मेडिकल काॅलेज गोरखपुर भेज दिया गया है। - दिनेश कुमार, एडीएम, गाजीपुर