गाजीपुर। कोरोना की दूसरी डोज लगवाने के लिए उत्साहित लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें कतार में लगने की जरूरत नहीं होगी। शनिवार का दिन सिर्फ दूसरी डोज वालों के लिए निर्धारित कर दिया गया है।
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि कोरोना से बचने के लिए वैक्सीन की दो डोज लगना जरूरी है। तभी प्रतिरोधक क्षमता विकसित होती है। इसलिए हमारा फोकस है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को जल्द से जल्द दूसरी खुराक लग जाए। उन्होंने कहा कि इसी के मद्देनजर फैसला किया गया है कि शनिवार को सिर्फ दूसरी डोज वालों को मौका दिया जाए। सुबह नौ से 11 बजे तक उन लोगों को दूसरी डोज लगेगी जो स्लाट बुक करवा कर आएंगे।
दिन में 11 बजे के बाद टीकाकरण केंद्रों पर सीधे आने वालों को दूसरी खुराक दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सोमवार से शुक्रवार तक पहले की तरह लोगों को टीका लगाया जाएगा। इन दिनों में भी दूसरी डोज वाले अपना टीकाकरण करवा सकते हैं लेकिन शनिवार को सिर्फ उनका ही टीकाकरण होगा।