जिला अस्पताल में जांच करती नेशनल मेडिकल कमीशन की टीम।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। दिल्ली से बुधवार को आई नेशनल मेडिकल कमीशन की दो सदस्यीय टीम ने जिला अस्पताल एवं निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। टीम ने प्राचार्य डॉ. राजेश सिंह से निर्माण के बारे में जानकारी ली। दो दिवसीय निरीक्षण के बाद टीम सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
बता दें कि नगर के आरटीआई मैदान में करीब 80 फीसदी बनकर तैयार राजकीय मेडिकल कॉलेज के संचालन से पूर्व आचार्य, सह आचार्य एवं सहायक आचार्य की तैनाती करने के साथ जूनियर डॉक्टरों को भी तैनात किया गया है। इसके अलावा कॉलेज से संबद्ध 200 बेड के जिला अस्पताल, 100 बेड के महिला अस्पताल के अलावा 300 बेड के निर्माणाधीन अस्पताल का कार्य तेजी से चल रहा है। कॉलेज के संचालन को लेकर कम से कम वर्तमान समय में 360 बेड की आवश्यकता है।
ऐसे में अस्पताल प्रशासन की ओर से सीएमओ कार्यालय परिसर में 300 बेड के अस्पताल निर्माण में विलंब होने पर जिला अस्पताल के सबसे ऊपरी तल पर 78 बेड के लिए वार्ड बनाया जा रहा है, जिससे जिला अस्पताल 278 बेड से लैस हो जाएगा। टीम ने विभिन्न बीमारियों के मुताबिक वार्ड का निरीक्षण करने के साथ बेडों की संख्या भी देखी। इस संबंध में जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजेश सिंह ने बताया कि दो दिवसीय निरीक्षण के लिए दो सदस्यीय टीम दिल्ली से आई है। जांच के बाद टीम शासन को रिपोर्ट सौंपेगी।