गाजीपुर में जनधन खाता खोलने के लिए दो से 30 अक्तूबर तक अभियान शुरू होगा। इसमें प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना से शत प्रतिशत संतृप्त करने के लिए सभी को बैंक खाता खोलने के लिए कहा गया है।
इस बाबत अग्रणी जिला प्रबंधक सूरज कांत की ओर से कहा गया कि जिनका अब तक बैंक में खाता नहीं है वो अपने नजदीकी शाखा या बैंक मित्र के माध्यम से प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत खाता जरूर खुलवाएं। इसके अतिरिक्त जन सुरक्षा योजनाओं का लाभ जरूर उठाए। कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में 18 से 70 वर्ष की आयु के नागरिकों को 12 रुपये का वार्षिक प्रीमियम है। जिसमें दुर्घटना में पूरी तरह दिव्यांग होने पर बीमित व्यक्ति को दो लाख रुपये की राशि मिलती है।
इसके अतिरिक्त दुर्घटना के कारण मृत्यु होने की स्थिति में नामित व्यक्ति को दो लाख रुपये की राशि मिलती है। अटल पेंशन योजना के अंतर्गत 18 से 40 वर्ष की आयु के नागरिकों के लिए 42 रुपये से 1454 रुपये के मासिक प्रीमियम पर 1000 से 5000 रुपये के मासिक पेंशन का प्रावधान है। विमित व्यक्ति की मृत्यु होने की दशा में नामित को पेंशन का लाभ मिलता रहेगा।