गाजीपुर। शारदीय नवरात्र की शुरुआत बृहस्पतिवार से होगी। घर से लेकर मंदिरों तक शक्ति उपासना की तैयारियों को बुधवार शाम तक अंतिम रूप दे दिया गया। मंदिरों में साफ सफाई के साथ ही उनकी सजावट की गई। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पूजा सामग्री की दुकानें सज गई हैं। दुकानों से श्रद्धालु पूजन सामग्री की खरीदारी करते दिखे। नवरात्र के पहले दिन देवी मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। साथ ही घरों में कलश स्थापना कर लगातार नौ दिनों तक मां की आराधना की जाएगी।
नवरात्र में नौ दिनों तक देवी मंदिरों में शक्ति उपासना की धूम रहेगी। जिले के गहमर स्थित प्रसिद्ध मां कामाख्या धाम, रेवतीपुर स्थित मां भगवती देवी, दिलदारनगर स्थित सायर माई, करीमुद्दीनपुर स्थित मां कष्टहरणी देवी, बहादुरगंज स्थित मां चंडी धाम, मुहम्मदाबाद स्थित मनोकामना देवी, सैदपुर स्थित काली मंदिर सहित जिले के अन्य प्रसिद्ध देवी मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचेंगे। नवरात्र को लेकर मंदिरों में पिछले कई दिनों से तैयारी की जा रही थी। साफ सफाई के साथ ही रंगरोगन और सजावट कराई गई। नवरात्र के पहले दिन बड़ी तादाद में घरों में कलश स्थापना की जाती है। इसके लिए पूजा स्थल की रंगाई-पुताई, साफ-सफाई के साथ देवी-देवताओं के नए वस्त्र लिए गए हैं। शहर के मिश्रबाजार, लाल दरवाजा, महुआबाग, लंका, सकलेनाबाद, गोराबाजार, स्टेशन रोड, नवाबगंज, चीतनाथ, स्टीमरघाट सहित अन्य मुहल्लों में पूजा-पाठ से संबंधित सामग्री की दुकानें सज गई हैं। कलश स्थापना के लिए मिट्टी से बने कलश और चुनरी, नारियल, रोरी आदि की खरीदारी श्रद्धालुओं ने देर शाम तक की। बृहस्पतिवार को शुभ मुहुर्त में कलश स्थापित किए जाएंगे। नवरात्र में कई लोग पहले और अंतिम दिन व्रत रखते हैं। जबकि बड़ी संख्या में महिला-पुरुष पूरे नौ दिनों तक व्रत रखकर मां की आराधना में लीन रहेंगे। मुहम्मदाबाद, जमानिया, औड़िहार, रेवतीपुर, कासिमाबाद, सादात, करंडा, दिलदारनगर, मौधा, खानपुर, मरदह आदि क्षेत्रों में नवरात्र पर्व की खरीदारी के चलते दुकानों पर भीड़ रही।
मौधा संवाददाता के अनुसार बाजारों में पूजन सामग्री की दुकानों से श्रद्धालुओं ने मां की चुनरी, नारियल, मूर्ति और फूल-माला की खरीद की। बुधवार को दिन भर सैदपुर नगर के अलावा औड़िहार, मौधा, खानपुर, अनौनी, सौना, भीमापार, पोखरा मोड़, सिंगारपुर, हसनपुर, सिधौना, मौधिया, भीतरी, बिहारीगंज, ऊचौरी और नायकडीह आदि बाजारों में पूजा पाठ की सामग्री बेचने वाले दुकानों पर श्रद्धालुओं की दिन भर भीड़ लगी रही। पंडित वरुण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शक्ति की उपासना का महापर्व शारदीय नवरात्र सात अक्तूबर से शुरू होगा। कहा कि देवी का आगमन इस बार झूले पर और प्रस्थान हाथी पर होगा। महाष्टमी 13 और महानवमी 14 अक्तूबर को है। जबकि दशहरा 15 अक्तूबर को मनाया जाएगा।