सदर कोतवाली क्षेत्र के गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर तुलसीपुर के पास स्थित एक ढाबा के पास मंगलवार की शाम आटो-बाइक की टक्कर में बाइक सवार छात्र नेता की मौत हो गई। वह माता-पिता का इकलौता पुत्र था। घटना में घायल युवक का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हेतिमपुर गांव निवासी विरेंद्र सिंह यादव का पुत्र व पीजी कालेज का पूर्व महामंत्री प्रशांत सिंह यादव (25) अपने मित्र लालनपुर निवासी विजेंद्र यादव के साथ बाइक से शहर से गांव जा रहा था। इसी दौरान गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर तुलसीपुर के पास अचानक सवारियों से भरी आटो को चालक ने मोड़ दिया, जिससे सामने से रहे बाइक की आटो से टक्कर हो गई। इस घटना में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्रशांत को मृत घोषित कर दिया, जबकि विजेंद्र का उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव के साथ ही आटो को कब्जे में ले लिया। जानकारी होने पर परिवार के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए। प्रशांत के शव पर नजर पड़ते ही चीख-पुकार करने लगे। प्रशांत अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। सूचना पर सदर विधायक जैकिशान साहू के प्रतिनिधि रामनारायण यादव भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने लिखा-पढ़ी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रशांत की मौत से छात्र नेताओं सहित गांववासियों में शोक की लहर दौड़ गई।
निधन पर जताया शोक
गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में जिलाध्यक्ष रामधारी यादव की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय समता भवन पर मंगलवार को शोकसभा आयोजित हुई। शोक सभा में पीजी कालेज छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री प्रशांत यादव की सड़क दुर्घटना में मौत होने पर शोक जताया।
जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने प्रशांत यादव की मौत पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि वह पार्टी का एक होनहार, तेज तर्रार और संघर्षशील कार्यकर्ता था। उसके निधन से पूरी समाजवादी पार्टी मर्माहत है। समाजवादी पार्टी ने अपना एक होनहार कार्यकर्ता को दिया है। शोक सभा में सदानंद यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, दिनेश यादव, चंद्रिका यादव, रामनगीना यादव, कमला यादव, रामाशीष यादव, द्वारिका यादव, लड्डन खां आदि उपस्थित थे। संवाद