सरकार ने छात्रों में फिटनेस और खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए फिट इंडिया क्विज-2021 शुरू किया है। इसमें भाग लेने वाले एक लाख विद्यालयों से दो लाख छात्रों का पंजीकरण निशुल्क किया जाएगा। इसके लिए हर छात्र को 50 रुपये की दर से पंजीकरण शुल्क जमा करना होगा। पंजीकरण की प्रक्रिया 30 सितंबर तक चलेगी। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा के निदेशक विनय कुमार पांडेय का निर्देश पत्र सभी जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षकों को प्राप्त हो चुका है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डा. ओपी राय ने बताया कि इस क्विज मिशन के माध्यम से छात्रों को भारत के खेल इतिहास, पुराने स्वदेशी खेल, अतीत के हमारे राष्ट्रीय और क्षेत्रीय खेलों और उनके नायकों के बारे में ज्ञान कराया जाएगा। जो छात्र नेशनल राउंड में स्थान बनाएंगे उसे राष्ट्र के सामने अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। माध्यमिक शिक्षा परिषद वाराणसी के उप सचिव रामअवतार यादव ने रविवार को सादात में खिलाड़ियों और शिक्षकों की हुई बैठक में कहा कि वर्तमान में विद्यालयों में पढ़ने वाले 60 प्रतिशत छात्र-छात्राओं को खेल के बारे में जानकारी नहीं है। इस मिशन के माध्यम से छात्रों में सक्रियता लाई जा सकती है। बैठक में शिक्षक हरदेव राम, रामधनी राम, राजेंद्र यादव, सुभाष यादव, राधेश्याम यादव, नंदलाल सिंह, रामेश्वर व अवधेश शामिल थे।
क्विज चार राउंड में होगी
पहला स्कूल राउंड, दूसरा प्रारंभिक राउंड, तीसरा स्टेट राउंड और चौथा नेशनल राउंड होगा। नेशनल राउंड में क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल दौर होंगे। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक राउंड 29 अक्तूबर को होगा। जबकि स्टेट राउंड एक से 31 दिसंबर के बीच होगा। नेशनल राउंड जनवरी, फरवरी में कराया जाएगा। इसका प्रसारण खेल चैनल पर होगा।