नंदगंज। आभूषण दुकानदार से धोखाधड़ी, करीब 5.70 लाख रुपये जबरन वसूलने, मारपीट एवं अपहरण के मामले में शनिवार देर शाम पुलिस ने महिला सहित चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साथ ही मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि सैदपुर निवासी दीपांशु सोनी ने तहरीर दी है। इसमें बताया कि उसकी सैदपुर बाजार में आभूषण की दुकान है। बीते 11 मार्च को उसके मोबाइल नंबर पर एक महिला का फोन आया, जिसने अपना नाम स्नेहलता सिंह बताया। उसने बताया कि वह पहले एक शिक्षक के साथ दुकान पर आई थी और गहने खरीदना चाहती है। 23-24 मार्च से व्हाट्सएप पर मेसेज के जरिये गहनों की खरीद को लेकर बातचीत शुरू हुई। 27 मार्च को महिला ने मेसेज कर बताया कि वह दुकान पर आएगी, लेकिन बाद में नंदगंज स्थित अपने घर पर आभूषण लेकर आने के लिए कहा। रात करीब 8 बजे दुकानदार कार से महिला के घर पहुंचा, जहां उसे अंदर ले जाकर चाय पिलाई गई। चाय पीने के बाद चक्कर आने से वह अचेत हो गया। होश आने पर महिला अश्लील हरकत करने लगी। इसी दौरान औड़िहार निवासी भरत सिंह, सैदपुर पश्चिमी बाजार निवासी बबलू पंडित और दबगढ़न निवासी अन्ना कमरे में आ गए और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने लगे। आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 25 लाख रुपये की मांग की। तमंचा सटाकर मोबाइल और कार की चाबी छीन ली। महिला के खाते में जबरन 90 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। बाद में पीड़ित से 4.80 लाख रुपये और ले लिए गए। शेष रकम के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।