बिजली निगम की ओर से रविवार को बकाया वसूली जन जागरण रैली निकाली गई। इसके जरिए बकायेदारों को बिजली बिल जमा करने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही कहा गया कि बकाया नहीं जमा करने पर बड़े बकायेदारों के फोटो नाम के साथ मुख्य चौराहों पर चस्पा होंगे।
नगर के आमघाट कॉलोनी स्थित विद्युत वितरण खंड द्वितीय के कार्यालय से शाम को बकाया वसूली जन जागरण रैली अधिशासी अभियंता आशीष शर्मा के नेतृत्व में निकाली गई। रैली नगर के प्रमुख हिस्सों तक पहुंची। इसके पूर्व अधीक्षण अभियंता प्रवीण कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय से बिल जमा करने की अपील की।
बिजली चोरी न करने एवं बिजली चोरी की शिकायत 1912 या ऑनलाइन पोर्टल पर करने को लेकर अवगत कराया गया। कहा कि जन जागरण कार्यक्रम के बाद भी बकाया नहीं जमा करने वाले बड़े बकायेदारों तथा चोरी करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। मुख्य चौराहों पर बड़े बकायेदारों का नाम, फोटा सहित लगवाया जाएगा। इसे लेकर नेम शेम अभियान चलाया जाएगा।