करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के भरौली आला गांव स्थित चकरोड के पास मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक चालक का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक मृतक लंबे समय से मानसिक रूप से बीमार था। फिलहाल पुलिस छानबीन कर रही है।
भरौली आला गांव निवासी सुनील चौहान (30) वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह कई दिनों से मानसिक रूप से बीमार चल रहा था। भोर में वह घर से काम पर जाने के लिए निकला था। इधर सुबह चकरोड पर चालक का शव देखकर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। परिवार के लोग भी रोते-बिलखते घटना स्थल पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दिया। मृतक दो भाइयों में सबसे बड़ा और परिवार में इकलौता कमाऊ सदस्य था। घटना के बाद मृतक की पत्नी माया और दो पुत्रियों के बिलखने की आवाज सुनकर दरवाजे पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतक की गर्दन गमछे से दबा हुआ था। थानाध्यक्ष प्रवीण यादव ने बताया कि छानबीन के दौरान पता चला कि मृतक मानसिक बीमार था। उसकी शर्ट की जेब में दवा भी थी। प्रथम दृष्टया मौत का कारण आत्महत्या लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कारण स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।