ताड़ीघाट से दिलदारनगर तक 19 किलोमीटर की ब्रांच रेल लाइन पर कई स्थानों पर पेंड्रोल क्लिप गायब हो गए हैं। वहीं सीमेंटेड स्लीपर भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके बाद भी मेमू (मेनलाइन इलेक्ट्रिकल मल्टीपल यूनिट) ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। इससे दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है।
क्षेत्रीय ग्रामीण प्रतिदिन की तरह बृहस्पतिवार की सुबह टहल रहे थे। इस दौरान ताड़ीघाट- दिलदारनगर ब्रांच लाइन में कई जगहों पर पेंड्रोल क्लिप गायब होने के साथ ही सीमेंटेड स्लीपर भी क्षतिग्रस्त मिले। उन्होंने इसकी सूचना तत्काल ताड़ीघाट स्टेशन के अधीक्षक को दी। इसके बाद भी ट्रैक को दुरुस्त कराए बिना ही ट्रेन का संचालन किया गया। रेलवे की लापरवाही को लेकर क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने बताया कि जिस तरह से सुरक्षा को दरकिनार कर ट्रेन का संचालन कराया जा रहा है, ऐसे में किसी बड़े रेल हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता है। पूर्व में भी कई बार सीफा बोर्ड, पेंड्रोल क्लिप और फिश प्लेट गायब हो चुके हैं। इसके बाद भी रेलवे ट्रेन और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर लापरवाह बना हुआ है। लोगों ने बताया कि ट्रेन के आने जाने से पहले ट्रैक चेकर, पेट्रोलिंग पार्टी ट्रैक की जांच कर किसी तरह की कमी होने पर उसे दुरुस्त करती है। इसके बाद ट्रेन को गुजरा जाता है। इसके बाद भी क्षतिग्रस्त सीमेंटेड स्लीपर और गायब पेंड्रोल क्लिप पर पेट्रोलिंग पार्टी की नजर क्यों नहीं गई।