देश एवं प्रदेश में चल रही डबल इंजन की सरकार पूरी तरह से फेल हो गई है। इस सरकार का कोई जन उपयोगी कार्यक्रम नहीं है। इस सरकार को अब सत्ता में रहने का हक नहीं है। यह बातें कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह ने पार्टी द्वारा चलाए गए 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महापंचायत एवं जनसंवाद अभियान के अंतर्गत शनिवार को अलावलपुर में कही।
जनसंपर्क अभियान को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। पीएम नरेंद्र मोदी के इशारे पर पूरी सरकार पूंजीपतियों को मालामाल करने में लगी है। किसान आठ महीने से धरने पर बैठे हैं। उनसे बात करने की फुर्सत ही सरकार के किसी मंत्री के पास नहीं है। पूर्व मंत्री ने कहा कि इसी तरह प्रदेश सरकार भी पूरी तरफ से फेल है।
कहा कि डबल इंजन की सरकार के नाम से प्रचलित यह दोनों सरकारें जनता के अनुरूप पूरी तरह से काम करने में नाकाम साबित हो रही है। अब ऐसी सरकार को सत्ता में रहने का हक नहीं है। कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर, न्याय पंचायत अध्यक्ष समीर अंसारी, सुरेंद्र गुप्ता, केके मौर्य, जेपी सिंह, मारकंडेय सिंह, माखन, कसौधन, गुड्डू गुप्ता, सुरेंद्र शर्मा, गोरख कुशवाहा और सिकंदर कुशवाहा आदि रहे।