जिला पंचायत सभागार में आयोजित बैठक में मंचासीन जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह एवं अन्य अतिथिगण। ?
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। जिला पंचायत सभागार में विकास कार्यों को लेकर बुधवार को बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने की। इस दौरान वित्त वर्ष 2021-22 के मनरेगा और 15वें वित्त आयोग की कार्य योजना को चर्चा के लिए प्रस्तुत की गई। जिसे समस्त सदस्यों द्वारा ध्वनि मत से अनुमोदित करते हुए संपूर्ण वित्तीय अधिकार के प्रयोग हेतु अध्यक्ष को दिया गया।
बैठक में पंचम राज्य वित्त आयोग अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2021-22 में प्राप्त होने वाली धनराशि से अधिकारियों, कर्मचारियों के वेतन और पेंशन का 25 प्रतिशत, जिला पंचात के मार्ग अनुरक्षण पर 25 प्रतिशत और जिला पंचायत के परिसम्पत्तियों के रख-रखाव एवं सृजन पर पांच प्रतिशत खर्च करने के साथ शेष धनराशि से अन्य विकास कार्य किए जाने का अनुमोदन किया गया। बैठक दौरान सपना सिंह ने अपने संबोधन मे कहा कि सभी सदस्य हमारे लिए एक समान हैं। साथ ही अपने मानदेय के संबंध में कहा कि केवल एक रुपये लेते हुए समस्त धनराशि 13999 रुपये को मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, परियोजना निदेशक डीआरडीए बालगोविंद, मुख्य चिकित्साधिकारी हरगोविंद सिंह, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सुरेश कुमार एवं अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।