- विकास खंड बिरनो पर हुआ चिंतन शिविर का आयोजन
- सामाजिक विकास, आधारभूत ढांचा के विकास की चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिरनो। नीति आयोग भारत सरकार द्वारा चयनित आकांक्षी विकास खंड बिरनों के विकास के लिए ब्लाक डेवलेपमेंट स्टेटजी निर्माण के लिए चिंतन शिविर का आयोजन जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता एवं जनप्रतिनिधिगण की उपस्थित में संपन्न हुआ।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार की नीति आयोग द्वारा विकासखंड बिरनो का चयन आकांक्षात्मक विकासखंड के तहत किया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि नीति आयोग के निर्देश पर विकास खंड बिरनो की विकास रणनीति बनाने के लिए विकासखंड स्तर पर आज चिंतन शिविर का आयोजन किया गया। चिंतन शिविर में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, सामाजिक विकास, आधारभूत ढांचा के विकास के लिए रणनीति पर चर्चा की गई एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों से सुझाव भी लिए गए जिससे यहां विभागीय योजनाओं के संचालन एवं क्रियान्वयन पर सही रणनीति बन सके।
चिंतन शिविर में ब्लाक प्रमुख से लेकर ग्राम प्रधानों ने अपने-अपने सुझाव को रखा। जिसमे प्रमुख तौर पर सीएचसी बिरनो में डेन्टल चिकित्सक, एक्स-रे और अल्ट्रासाण्ड मशीन की उपलब्धता। गरीब बच्चियों को कक्षा आठ के बाद निजी विद्यालयों में दाखिले के लिए 25 प्रतिशत पंजीकरण। ब्लाक स्तर पर बालिका इंटर कालेंज की स्थापना। पात्र लोगों को पेशन की उपलब्धता कराने के लिए अपने सुझाव दिया।
चिंतन शिविर में आंगनबाड़ी रमावति सिंह के द्वारा जिलाधिकारी के पूछे गए विभागीय प्रश्नों का उचित जवाब देने पर जिलाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हे पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया एवं अन्य आंगनबाड़ी कार्यकत्री को भी इनसे सीख लेने की बात कही। इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख बिरनो राजन सिंह, एमएलसी प्रतिनिधि प्रदीप पाठक, भाजपा नेता कुंवर रमेश सिंह पप्पू, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, मुख्य चिकित्साधिकारी देश दीपक पाल, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, डीसी मनरेगा, जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।