दिलदारनगर-जमानिया मार्ग पर आवागमन करना खतरे से खाली नहीं है। मवेशियों के नहर में नहाने के लिए जाने और निकलने की वजह से कई जगह जहां सड़क की पटरी पूरी तरह से कट गई है, वहीं कई जगह आधी सड़क ही गड्ढे में तब्दील हो गई है। इसकी वजह से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
जमानिया तहसील जाने के लिए दिलदारनगर-जमानिया मार्ग एक मात्र सड़क है। इस मार्ग पर सुबह से लेकर देर रात तक वाहनों का दबाव बना रहता है। बाइक-साइकल सवारों सहित यात्रियों से भरे जीप, टेंपो सहित स्कूली बस गुजरती हैं। नदी में पशुओं के नहाने के लिए उतरने और नहाने के बाद बाहर निकलने के कारण उनके पैरों से फुल्ली, भक्सी, दिलदारनगर, फतेहपुर गांव के पास बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं।
कहीं पटरी पूरी तरह से कट गई है तो कहीं आधी सड़क पर चार से लेकर पांच फीट गड्ढा हो गया है। सबसे खतरनाक हालत फुल्ली गांव के पास है। यहां पर आधी सड़क पूरी तरह से कट गई है। इसकी वजह से आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यात्री वाहन गड्ढे के पास पहुंचते ही उसकी रफ्तार धीमी कर गड्ढे के बीच से वाहनों को निकालते हैं। स्कूल बस जैसे ही गड्ढे के पास पहुंचती है, चालक गाड़ी को खड़ा कर देता है।
खलासी नीचे उतरकर साइड देखता है। रात के अंधेरे में खासकर सड़क की स्थिति से अनजान लोग आए दिन गिरकर चुटहिल होते रहते हैं। पिछले माह कसेरा गांव के साइकल सवार एक व्यक्ति की गड्ढे में गिरने से मौत हो गई थी। मार्ग पर प्रतिदिन आवागमन करने वाले अजय कुमार सिंह, गणेश गुप्ता ने बताया की गांव के लोग अपनी भैंसों को नहलाने के लिए नहर में उतारते हैं, जिससे सड़क के किनारे कटान हो गया है। इससे वाहनों के गुजरने के दौरान हमेशा खतरा बना रहता है।