कासिमाबाद। थाना क्षेत्र के शेखनपुर गांव में शुक्रवार की रात फिर जमीन धंस कर कुएं के आकार में हो गई। इस घटना में गांव की शारदा देवी के मकान की चहारदीवारी गिर गई जिससे पचास हजार रुपये का नुकसान हुआ। इस गांव में पिछले एक पखवारे से जमीन धंसने एवं मकानों के फटने का सिलसिला जारी है। एसडीएम भरत भार्गव ने बताया कि पीड़ितों के लिए जमीन उपलब्ध हो गई है, शीघ्र ही उन्हें आवंटन पत्र भी मिल जाएगा।
विकासखंड के शेखनपुर गांव में जमीन धंसने की वजह से बेघर हुए परिवारों के सामने अपने आशियाना को लेकर काफी चिंता सता रही है। पिछले दिनों से शेखनपुर गांव पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। जमीन धंसने से इस गांव के राजकुमार पासी, शारदा देवी, तारा देवी, संतोष पासी, भरत पासी, राम लाल गौड़ के साथ रामदास राजभर पूरी तरह से बेघर हो गए हैं। इनके घर चारों तरफ से फट चुके हैं। तहसील प्रशासन जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी बेघर हुए परिजनों को पास के प्राथमिक विद्यालय में शिफ्ट कराया है। बेघर हुए परिजनों की चिंता को देखते हुए प्रशासन उनके नए ठिकाने के लिए जमीन की व्यवस्था कर लिया है। एसडीएम भारत भार्गव ने बताया कि शेखनपुर गांव में जमीन तलाश पूरी हो गई है। लेखपाल को निर्देशित किया गया है कि शीघ्र भूमि आवंटन की सभी औपचारिकता पूरी कर आवंटन पत्र दे दिया जाएगा। पीड़ितों को आवंटित भूमि पर प्रधानमंत्री आवास भी उपलब्ध कराया जाएगा।