गाजीपुर। आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में नेहरू युवा केंद्र की ओर से आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत एक से 31 अक्तूबर तक चलाए जाने वाले क्लीन इंडिया कार्यक्रम के लिए शुक्रवार को जिला सलाहकार समिति की बैठक जिलाधिकारी के कैंप कार्यालय पर हुई। इसमें एनवाईके के जिला युवा अधिकारी कपिल देव ने बताया कि अक्तूबर में 11 हजार किलो प्लास्टिक वेस्ट एकत्रित किया जाना है। जिलाधिकारी ने कहा कि 11 हजार किलो प्लास्टिक वेस्ट एकत्रित करने का लक्ष्य बहुत बड़ा नहीं है। अगर सभी ठान लें तो इसे आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।
डीएम ने इसके लिए जिला स्तर पर जिला युवा अधिकारी को नोडल एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को सह नोडल अधिकारी नियुक्त किया। जिले की सभी नगर पालिकाओं में 1000 किलो, नगर पंचायतों में 500-500 किलो और 1238 ग्राम पंचायतों में प्लास्टिक वेस्ट एकत्रित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। जिलाधिकारी एमपी सिंह ने नोडल अधिकारी को निर्देशित किया कि संगठन मुख्यालय से दिशा-निर्देश तत्काल मंगा लिए जाएं कि एकत्रित प्लास्टिक वेस्ट का निस्तारण पर्यावरण के अनुकूल कैसे किया जाए। प्लास्टिक वेस्ट एकत्रित करने के साथ-साथ स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक मुक्त ग्राम और प्राकृतिक जल स्रोत के सुंदरीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए। अभियान से जुड़ी संस्थाओं, विभागों, व्यक्तियों को उनकी ओर से पत्र भेजा जाए। अभियान में धार्मिक संस्थाओं, कारपोरेट सेक्टर, खिलाड़ी, रेलवे, पुलिस, मीडिया, राजनीतिक व्यक्ति, स्वयंसेवी संगठन, महिला समूह, अध्यापक, व्यापार मंडल, फिल्म इंडस्ट्री, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, नेहरू युवा केंद्र, एनएसएस, एनसीसी आदि को जुड़ने का आह्वान किया। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, पुलिस उपाधीक्षक ओजस्वी चावला, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. ओपी राय, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका लालचंद सरोज, जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश उपाध्याय, डॉ. एसके मिश्रा, डॉ. सूर्यनाथ पांडेय, दिनेश सिंह यादव, विनय कुमार श्रीवास्तव, महेंद्र प्रताप सिंह, राकेश प्रजापति, जिला विकास अधिकारी भूषण कुमार, बृजेश श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम अधिकारी दिलीप कुमार पांडेय, संदीप कुमार पांडेय, एलडीएम सूरजकांत आदि उपस्थित थे। संचालन नेहरू युवा केंद्र के लेखा एवं कार्यक्रम सहायक सुभाषचंद्र प्रसाद ने किया।