भाकपा (माले) और अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के कार्यकर्ताओं ने महंगाई पर लगाम लगाने आदि सवालों को लेकर जखनिया कार्यालय से तहसील तक जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया। इस अवसर पर आयोजित धरना सभा में भाकपा माले के जिला सचिव रामप्यारे राम ने कहा कि योगी-मोदी सरकार में गरीबों की कहीं भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सरकार में त्वरित न्याय झूठ का पुलिंदा है।
अखिल भारतीय किसान महासभा के जिलाध्यक्ष गुलाब सिंह ने कहा कि गरीब थाना एवं तहसील का चक्कर लगा रहे हैं। समस्या हल होने के बजाए बढ़ रही है। महंगाई रोकने में केंद्र की सरकार फेल साबित हुई है। दवाओं, गैस सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल की कीमतों को कम करने के बजाए सरकार कह रही है दाम कम करना हमारे वश में नहीं है। गरीब की थाली से दाल-सब्जी गायब है। देश एवं प्रदेश में बेरोजगार युवाओं की फौज खड़ी हो गई है। अंत में प्रमुख गृह सचिव, डीएम को संबोधित मांग पत्र नायब तहसीलदार को सौंपा। सभा में अनिल कुमार, लालजी वनवासी, निर्मला, रीता देवी, रामवृक्ष मौर्य, अशोक सिंह, मिलन कुमार, शांति देवी ने विचार व्यक्त किया।