शादियाबाद थाना क्षेत्र के इंद्रपुर छीड़ी गांव के बाहर मंगलवार की सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटकता मिला। युवक की हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची ने पुलिस शव को उतरवा कर कब्जे में लेने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण ने मौके पर उच्चाधिकारी बुलाने और मुआवजे दिलाने की मांग पर अड़ गए। कुछ देर बाद पहुंचे जखनिया एसडीएम और सीओ भुड़कुड़ा ने आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया। मृतक के पिता की तहरीर पर एक महिला के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।
इंद्रपुर छीड़ी गांव निवासी अरविंद पाल (21) सोमवार की रात करीब नौ बजे घर के लोगों को कुछ बताए बगैर कहीं चला गया। वह मोबाइल घर पर छोड़ कर गया था। काफी देर तक जब वह नहीं लौटा तो परिवार के लोग किसी अनहोनी की आशंका से उसकी तलाश में जुटे गए, काफी देर बाद भी उसका कुछ भी पता नहीं चल सका। सुबह ग्रामीणों की नजर गांव के बाहर सिवान में पेड़ से लटकती अरविंद की लाश पर पड़ी। शोर मचाने पर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। घटना की जानकारी होते ही परिवार के लोग भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतक का पैर जमीन से सटा हुआ था। उसका गमछा पेड़ की दूसरी डाली पर पड़ा था, जबकि उसका शरीर दुपट्टे के फंदे से लटक रहा था। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि हत्या कर शव को पेड़ की टहनी से लटकाकर आत्महत्या का रूप दिया गया है। अरविंद अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। इधर घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को उतरवाकर कब्जे में लेने का प्रयास किया तो परिजनों एवं ग्रामीणों ने विरोध किया। वे उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने एवं मुआवजा देने की मांग पर अड़ गए। कुछ देर बाद क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा गौरव कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद उपजिलाधिकारी जखनिया विजय बहादुर यादव पहुंचे और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इधर मृतक के पिता विनोद पाल ने पड़ोस की एक महिला के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। भुड़कुड़ा सीओ गौरव कुमार सिंह ने बताया कि एक महिला के खिलाफ तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्जकर छानबीन की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।