गोंडा देहाती में तैनात पुलिसबल। संवाद
गाजीपुर। गोड़ा देहाती गांव चौथे दिन रविवार को भी पुलिस छावनी में तब्दील रहा। पुलिस कर्मियों की चहलकदमी और बूटों की आवाजें रात के सन्नाटे को चीर रही हैं। वहीं, सुबह, दोपहर व शाम पुलिस वाहनों के बजते सायरन गोड़ा देहाती ही नहीं दूर-दराज के मोहल्ले में भी सुनाई दे रही है।
इधर, विनीत राय हत्याकांड के मुख्य आरोपी कटरा गैंग के सरगना शंकर, सोनू यादव और कमलेश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सूत्रों के जरिये ठिकानों पर पहुंचने का प्रयास कर रही है।
गोड़ादेहाती की अलग-अलग गलियों व तिराहों पर पुलिस की तैनाती से अराजकतत्वों की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। स्थिति यह है कि गांव में पुलिस की मुस्तैदी देख लोग उस मार्ग से होकर जाने से भी कतरा रहे हैं।
शाम को सिर्फ दुकानों पर सामान लेने निकल रहे हैं, लेकिन अंधेरा होते- होते घर लौट आ रहे हैं। ग्रामीण कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
नामजद शेष मुख्य आरोपी सहित तीन हत्यारे पुलिस पकड़ से दूर है। विनीत राय हत्याकांड के करीब नौ दिन हो गए, लेकिन स्थिति यह है कि उनकी तलाश अब तक पूरी नहीं हो सकी है।
एएसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्रा ने बताया कि गोड़ा देहाती में पुलिस टीम मुस्तैद है। पुलिस टीम लगातार भ्रमण कर रही है। हत्यारों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस सूचनाओं और साक्ष्यों के आधार ठिकानों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।