बैंक का टूटा ताला दिखाता गार्ड
- फोटो : gazipur
शहर कोतवाली क्षेत्र के गोरा बाजार स्थित पीजी कालेज के पास स्टेट बैंक आफ इंडिया की शाखा में शुक्रवार की रात अज्ञात चोर बैंक के मुख्य गेट सहित स्ट्रांग रूम का ताला तोड़कर एक लाख का सिक्का उठा ले गए। शनिवार की सुबह घटना की जानकारी होते ही पुलिस और बैंक कर्मियों में हड़कंप मच गया।
घटना के बाद आनन-फानन में पहुंची पुलिस ने पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस कप्तान के आवास और पुलिस लाइन के बीच स्थित एसबीआई बैंक की शाखा का ताला काटकर चोर रात में बैंक में प्रवेश कर गए। चोरों ने स्ट्रांगरूम के बाहर बने कमरे का ताला तोड़कर वहां रखे एक लाख रुपये का सिक्का बटोर लिया। चोरी का राज उजागर न हो इसके लिए चोरों ने बैंक में पहुंचते ही सबसे पहले सीसी कैमरे का तार निकाल दिया।
बैंक परिसर में लगे एटीएम की सुरक्षा के लिए तैनात गार्ड को भी चोरी की जानकरी तब हुई, जब ब्रांच के बगल में रहने वाले एक मकान मालिक ने उसे बताया। गार्ड ने इसकी सूचना सुबह बैंक के मैनेजर और पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही बैंक अधिकारी और पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस और बैंक मैनेजर माखनलाल जायसवाल ने बताया कि सूचना मिलने पर वह सुबह बैंक पहुंचे। देखा कि बैंक के प्रवेश द्वार पर लगा ताला टूटा हुआ है। स्ट्रांग रूम के बाहर स्थित कमरे में रखा एक लाख से ज्यादा मूल्य के सिक्के गायब हैं।
उन्होंने बताया कि ब्रांच छोटा होने के चलते यहां गार्ड की तैनाती नहीं है। एटीएम में तैनात गार्ड की सूचना मिलने पर घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। एटीएम में तैनात गार्ड ने बताया कि बैंक का मेन गेट रात में बंद कर दिया जाता है। बैंक के पास रहने वाले एक व्यक्ति ने ताला टूटने की सूचना दी।