सिटी रेलवे स्टेशन स्थित द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय के समीप पे एंड यूज शौचालय में घुसकर दूकानदारों ने वहां तैनात कर्मचारियों से मारपीट की। काउंटर में रखे रुपये और कर्मचारी का मोबाइल भी उठा ले गए। मारपीट की इस घटना में परिसर में अफरातफरी मच गई। पीड़ित की सूचना के बाद भी जीआरपी थाने की घंटों तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। यात्रियों की बीचबचाव के कर मामला शांत कराया।
यूज एंड पेय पर तैनात बलिया जनपद के मिड्डी गांव निवासी राजन गिरी ने बताया कि स्टेशन परिसर के बाहर अंडा और फल की दूकान लगाने वाले दो-तीन मनबढ़ दूकानदार शौचालय का यूज करने के बाद पैसा मांगने पर गालीगलौज करने लगे। कहासुनी होने के बाद मामला शांत हो गया।
उसके कुछ देर बाद कुछ अन्य साथियों के साथ दूकानदार पहुंचे और हंगामा करने लगे। टोकने पर उन्होंेने कर्मचारियों को मारना-पीटना शुरू कर दिया। इसमें एक कर्मचारी भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने जमकर तोड़फोड़ की। काउंटर को उलट दिया। उसमें रखे 800-900 रुपया और कर्मचारियों का मोबाइल भी छीन लिया। कर्मचारियों ने बताया कि जाते-जाते उन्होंने जान मारने की धमकी भी दी।
पीड़ितों ने बताया कि मारपीट के मामले में पुलिस को तहरीर दे दी गई है। घंटों बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इससे वहां के कर्मचारियों में भय व्याप्त है। कुछ आरोप है कि मनबढ़ दूकानदारों ने जीआरपी की शह पर यह सब किया है।
इसी कारण उनके विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उधर इस संबंध में राजकीय रेलवे पुलिस के थानाध्यक्ष दीलिप कुमार ने कहा कि पीड़ित पक्ष ने तहरीर दी गई है। एफआईआर दर्ज कर मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।