कोतवाली क्षेत्र के देवैथा गांव सोमवार की देर शाम खेत में घास काटने गई महिला की गला रेत कर हत्या कर दी गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इस मामले में मृतका के पति ने अपने बड़े बेटे के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ शुरू कर दी है। पुलिस की माने तो पुत्र ने संपत्ति की लालच में वारदात को अंजाम दिया है।
दवैथा निवासी चंद्रमा यादव की पत्नी बतासी देवी (65) रोज की तरह सोमवार को सायंकाल खेत में घास काटने गई थी। चंद्रमा यादव के दो पुत्र हैं। मृतका बतासी देवी और उनके पति अपने छोटे बेटे के साथ रहते थे। जबकि बड़ा पुत्र परिवार के साथ अलग रहता है। कुछ साल पहले पंचायत में पुश्तैनी संपत्ति के तीन हिस्से लगे थे। लेकिन इस पंचायत को बड़ा बेटा मानने को तैयार नहीं था।
इतना ही नहीं वह मां-पिता के हिस्से पर भी कब्जा किए हुए था। इसे लेकर अक्सर परिवार में विवाद होता था। सोमवार को भी बतासी देवी जब घास काटने खेत में गई तो उसका बड़ा बेटा भी थोड़ी देर बाद खेत में पहुंच गया और घास काटने लगा। आशंका जताई जा रही है वहीं पर मां और बेटे में किसी बात को लेकर विवाद हुआ।
विवाद के दौरान ही बतासी की हत्या कर दी गई।
उधर बड़े भाई राम सहाय के खेत में जाने की पुष्टि छोटे बेटे शिवसहाय ने की है। शिवसहाय का यह भी कहना है कि मां का काटा एक बोझ घास वह पहली बार घर लेकर आ गया था और दोबारा जब खेत में पहुंचा तो वह मृत पड़ी हुई थी। उसका गला कटा हुआ था। जमीन पर काफी खून पसरा था और मौके से बड़ा भाई राम सहाय फरार हो गया था।
घटना की सूचना मिलते ही जमानिया सीओ रतन सिंह तथा कोतवाल राम सिंह घटना स्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर हत्या की छानबीन शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक मां के हत्यारोपी बेटे की तलाश में पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही थी। हालांकि देर रात तक उसका कहीं अता-पता नहीं चल सका था। कलयुगी बेटे के इस कृत्य से देवैथा गांव के लोग शर्मसार हैं। घटना की हर तरफ चरचा हो रही है।
सीओ रतन सिंह ने बताया कि बतासी देवी की हत्या उसके बड़े पुत्र ने की है। पिता द्वारा तहरीर मिलने के बाद उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम को नामजद हत्यारोपी की धरपकड़ के लिए लगाया गया है। शीघ्र ही गिरफ्तारी हो जाएगी।