जखनिया। भुड़कुड़ा कोतवाली क्षेत्र के घटारो गांव के पास स्थित हनुमान मंदिर के पास बनाए गए तहखाना में पुलिस ने सोमवार की भोर में छापेमारी की। इस दौरान अवैध रूप से असलहा बनाने के कार्य में लिप्त तीन लोगों को गिरफ्तार किया। जबिक मास्टर माइंड भाग निकला। इस दौरान एक पिस्टल, दो रिवाल्वर, चार तमंचा, पांच अर्द्ध निर्मित तमंचा के साथ असलहा बनाने का उपकरण बरामद किया।
कोतवाल विपिन सिंह को मुखबिर से सूचना मिली गाजीपुर-आजमगढ़ सीमा के अंतिम छोर पर घटारों गांव के पास सड़क किनारे स्थित हनुमान जी के मंदिर के पास एक लावारिस भवन के तहखाना में काफी दिनों से अवैध रूप से असलहा बनाने का कार्य चल रहा है। यह सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस टीम ने सोमवार की भोर में करीब चार बजे उक्त स्थान पर छापेमारी की। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक भागने में सफल रहा। मौके से पुलिस ने एक पिस्टल, दो रिवाल्वर, चार तमंचा, पांच अर्द्ध निर्मित तमंचा के साथ असलहा बनाने का उपकरण बरामद किया। पूछताछ में गिरफ्त में आए लोगों ने अपना नाम बुजुर्गा निवासी पिंटू चौहान, यूसुफपुर खंडबा निवासी सुनील चौहान और संदीप कुमार बताया। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि उक्त स्थान पर काफी समय से अवैध रूप से असलहा बनाने का कार्य चल रहा था। यह स्थान सुनसान जगह पर होने की वजह इसकी भनक नहीं लग पा रही थी। बताया कि शादियाबाद का रहने वाला फैक्ट्री का मास्टर माइंड भाग निकला है। उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अभियुक्तों का चालान कर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसआई संजय कुमार सरोज, एसआई प्रमोद के अलावा कांस्टेबल कन्हैया, सभाजीत सहित आधा दर्जन पुलिसकर्मी शामिल थे।