बहरियाबाद/सादात (गाजीपुर)। बहरियाबाद थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में शनिवार की दोपहर भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में संघर्ष होने लगा। इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पर बंदूक से गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए वाराणसी ले जाया गया है। इस मामले में घायल के पिता ने दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ में जुट गई है।
घटना के संबंध में बताया गया है कि मिर्जापुर गांव निवासी इंस्टीच्यूट संचालक डॉ. अगस्त्य उर्फ आदर्श सिंह (35) के पिता विजयबहादुर सिंह ने लगभग 10 वर्ष अपने पट्टीदार झूरी सिंह उर्फ सुदर्शन सिंह से जमीन खरीदी थी। इसे लेकर विवाद चल रहा था। दोपहर में उक्त जमीन पर ट्रैक्टर से जुताई कराने डॉ. अगस्त्य सिंह पहुंचे। इसी बीच वहां झूरी सिंह उर्फ सुदर्शन का पुत्र देवेंद्र सिंह पहुंचा और जुताई करने से मना करने लगा। इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। इसी दौरान बंदूक से दूसरे पक्ष ने गोली चला दिया। गोली आदर्श सिंह के बाएं कंधे और सिर में लगी। दुर्घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीणों के साथ घायल के परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष विपिन सिंह घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर लाए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। इस मामले में घायल के पिता विजयबहादुर सिंह ने दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष ने कहा कि युवक को जिस बंदूक से गोली मारी गई, वह अवैध है या लाइसेंसी, इसकी भी छानबीन की जा रही है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी केके सरोज ने कहा कि घायल को उपचार के लिए वाराणसी ले जाया गया है। घायल के पिता की तहरीर पर देवेंद्र सिंह तथा टिंकू सिंह के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।