सरायलखंसी थाना क्षेत्र के उम्भापुर गांव के पास मऊ-बलिया मार्ग पर मंगलवार की शाम चार बजे बेकाबू ट्रक के धक्के से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने शव सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची एसडीएम ने लोगों को समझा बुझाकर जाम हटवाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया।
पहसा गांव निवासी सूर्यवंश चौहान (27) पुत्र इंद्रमन पहसा बाजार में वेल्डिंग का काम करता था। शाम को किसी काम से वह बाइक से मऊ जा रहा था। उम्भापुर गांव के पास कोल्ड स्टोरेज के सामने पीछे से जा रहे डीसीएम ट्रक ने उसे कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद काफी लोग मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने ट्रक चालक की गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाए जाने की मांग को लेकर शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। स्टेट हाइवे जाम होने से सड़क पर वाहनों की कतारें लग गईं। करीब आधे घंटे बाद एसडीएम सदर अंकुर लाठर और सीओ राजकुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। साथ ही शासनादेश के अनुसार पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। तब जाकर लोगों ने जाम समाप्त किया। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। वह अभी अविवाहित था। हादसे की सूचना मिलते ही उसकी मां सुभावती और पिता इंद्रमन को रोरोकर बुरा हाल हो गया।
अनियंत्रित बाइक पलटी , दो घायल
फतहपुर मंडाव। मधुबन थाना क्षेत्र के अंतर्गत मधुबन मऊ मार्ग स्थित नंदौर के समीप मंगलवार दोपहर एक बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे वाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने 108 एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। अहिरूपुर निवासी राम दुलारे और लौवासाथ निवासी रामचंद्र एक वाइक पर सवार होकर मधुबन से मऊ जा रहे थे। नंदौर के समीप बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे वाइक सवार घायल हो गए। रामचंद्र की स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।