वाराणसी से बक्सर जा रही डाउन पाटलिपुत्र-चंडीगढ़ एक्सप्रेस में मंगलवार की शाम एक सराफ से 7 लाख के जेवर लूटकर बदमाश चेन पुलिंग कर भाग निकले। बदमाशों ने बिहार जिले के बक्सर में घटना को अंजाम दिया। इस मामले में पीडि़त कारोबारी ने जीआरपी बक्सर को तहरीर दी गई है। बक्सर और दिलदारनगर जीआरपी मामले की छानबीन में जुट गई है।
बिहार जिले के बक्सर का रहने वाला शेष कुमार वर्मा मंगलवार को कारोबार के सिलसिले में वाराणसी गया था। वहां से वह 7 लाख के जेवर लेकर पाटलिपुत्र-चंडीगढ़ एक्सप्रेस से बक्सर लौट रहा था। ट्रेन मंगलवार की शाम करीब 6 बजे दिलदारनगर रेलवे स्टेशन से बक्सर के लिए रवाना हुई। पीडि़त सराफ कारोबारी ने बक्सर जीआरपी को दी गई तहरीर में बताया है कि ट्रेन जब बारा से आगे चौसा रेलवे स्टेशन के बीच पहुंची, तभी तीन बदमाश उसके डिब्बे में आ धमके और जेवरों से भरा बैग छीनने लगे।
विरोध करने पर एक बदमाश ने कनपटी पर तमंचा सटा दिया। यह देख अन्य यात्री सहम गए। ट्रेन जब चौसा के पास पहुंची, तभी चेन पुलिंग कर बदमाश रुपयों से भरा बैग लूटकर भाग निकले। बैग में 7 लाख के जेवर रखे थे। ट्रेन करीब साढ़े छह बजे बक्सर पहुंची। इसके बाद पीडि़त सराफ ने जीआरपी बक्सर को तहरीर देकर वाकये की जानकारी दी। घटना की जांच के संबंध में बुधवार की शाम बक्सर जीआरपी का एक दारोगा दिलदारनगर जीआरपी पहुंचा। ट्रेन में लूट की घटना प्रकाश में आने पर दिलदानगर जीआरपी में भी हड़कंप मच गया।
दिलदारनगर जीआरपी प्रभारी भैया शिव प्रताप सिंह ने बताया कि घटना कर्मनाशा नदी पार बिहार सीमा में होने की सूचना मिली है। छानबीन करने के बाद बक्सर से आया जीआरपी दारोगा वापस चला गया। इस संबंध में पूछे जाने पर बक्सर जीआरपी प्रभारी आरपी यादव ने बताया कि सराफ की ओर से लूट की तहरीर मिली है। घटना की जांच करते हुए लुटेरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।