दुल्लहपुर। पुलिस ने गुरुवार को अपराधियों की धर-पकड़ के दौरान बुधवार की रात भ्रमण पर थी। थाना क्षेत्र के रेवरिया चौजा पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान हल्की मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दो शातिर लुटरों को पकड़ने में कामयाबी पाई। पकड़े गए शातिर लुटेरों के पास से पुलिस ने दो तमंचा सहित लूट की बाइक भी बरामद की है। पुलिस ने गुरुवार को दोनों शातिरों को जेल भेज दिया।
थानाध्यक्ष विपिन सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ थाना क्षेत्र के तिरछी गांव में वांछित अपराधियों को पकड़ने के लिए रात 8 बजे भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली की दो लुटेरे जखनिया से दुल्लहपुर किसी घटना को अंजाम देने के लिए काली रंग की बाइक से जा रहे है। सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस टीम रेवरिया चौजापुल के पास वाहनों की चेेकिंग करने लगी। इसी दौरान काली रंग की एक बाइक पर दो लोग आते दिखाई पड़े। पुलिस टीम ने उन्हें जब रुकने का इशार किया तो चालक ने बाइक की गति बढ़ा दी। लेकिन पुलिस टीम ने कुछ दूरी पर जाकर घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा। पकड़े गए दोनों व्यक्तियों के पास से पुलिस ने 315 बोर का दो तमंचा, 3 कारतूस, एक खोखा और लूट की एक बाइक बरामद किया।
पुलिस की पूछताछ में दोनों ने अपना नाम भुड़कुड़ा कोतवाली क्षेत्र के कौला गांव निवासी सुनील यादव और मऊ जनपद के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के रायपुर गांव निवासी सिहारी राजभर बताया। थानाध्यक्ष विपिन सिंह ने बताया कि दोनों पकड़े गए शातिर लुटेरे है। दोनों ने बहरियाबाद थाना क्षेत्र में 92 हजार, शादियाबाद में 2 हजार और भुड़कुड़ा कोतवाली क्षेत्र में आभूषण लूट कांड में शामिल है। दोनों पकड़े गए शातिर लुटेरों का चालान कर जेल भेज दिया गया।