कासिमाबाद(गाजीपुर)। बरेसर थाना क्षेत्र के पिंडारी गांव में सोमवार की शाम एक व्यक्ति के घर इंटर गणित प्रश्न पत्र की कॉपियां लिखे जाने की शिकायत पर सचल दस्ते के प्रभारी सुधीर कुमार विश्वास की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर दो युवकों को पुलिस ने जेल भेज दिया। इस कार्रवाई से नकल माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
सोमवार की शाम को सचल दस्ता प्रभारी सुधीर कुमार विश्वास को सूचना मिली की बरेसर थाना क्षेत्र के पिंडारी गांव में एक व्यक्ति के घर में बलिया जिले के रसड़ा कोतवाली अंतर्गत एक केंद्र की कापियां लिखी जा रही हैं। इस सूचना पर सचल दस्ता प्रभारी उप जिलाधिकारी कासिमाबाद मंशाराम वर्मा को सूचित करते हुए पिंडारी गांव में छापा मारकर दो युवकों को गिरफ्तार करने में सफल रहे। छापे के दौरान कई युवक कॉपियां लेकर भाग निकले। इसके बाद बरेसर थाना पुलिस ने सचल दस्ता प्रभारी सुधीर कुमार विश्वास की तहरीर पर संस्कार एवं सत्येंद्र चौहान के साथ दस अज्ञात लोगों के खिलाफ 419, 420, 467, 468, 4/10 परीक्षा अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया। गिरफ्तार दोनों युवकों को पुलिस ने मंगलवार को जेल भेज दिया। इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र के नकल माफियाओं में हड़कंप मच गया है। इस संबंध में उप जिलाधिकारी मंशाराम वर्मा ने बताया कि पकड़े गए युवकों के पास से जो कॉपियां मिली हैं उसके ऊपर का हिस्सा जिस पर कोड आदि लिखा होता है वह पहले से उखाड़ लिया गया था।