रेवतीपुर(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव की जग्गी बस्ती में गुरुवार को अज्ञात कारणों से लगी आग में 14 झोपड़ियां जलकर नष्ट हो गईं। अगलगी में नकदी समेत हजारों का सामान जलकर नष्ट हो गया। झोपड़ियों में मौजूद लोग येनकेन प्रकारेण जान बचाकर भागे। कड़ी मशक्कत कर डेढ़ घंटे बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। झोपड़ियां जलकर नष्ट हो जाने से पीड़ित परिवार खुले में रहने को विवश हो गए हैं।
कल्याणपुर गांव की जग्गी बस्ती में गुरुवार को दिन में करीब 12 बजे हरिवंश की झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। जब तक लोग आग को बुझाते, तब तक आग ने एक के बाद एक 14 झोपड़ियों को अपनी जद में ले लिया। आग लगते ही झोपड़ियों में मौजूद लोग बाहर भागकर अपनी जान बचाते हुए आग-आग का शोर मचाने लगे। जानकारी होते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और दमकल कर्मियों को सूचना देने के बाद आग बुझाने में जुट गए। कड़ी मशक्कत कर डेढ़ घंटे बाद लोगों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक झोपड़ियों में रखा हजारों नकदी सहित लाखों का सामान जल गया। आग बुझने के बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। आग बुझाने में पवधारी देवी (50) का हाथ झुलस गया। अगलगी की इस घटना में हरिवंश यादव, निरहू यादव, सेवक यादव, जितेंद्र यादव, धर्मेंद्र यादव, भरत यादव, पवधारी देवी की दो-दो झोपड़ियां जलकर राख हो गई। पीड़ितों ने बताया कि झोपड़ी में रखा हजारों नगदी सहित गहना, पहनने का कपड़ा, बिस्तर, चारपाई, अनाज, पशुओं का चारा सहित गृहस्थी का लाखों का सामान जल गया। उनके पास न तो तन ढंकने के लिए कपड़ा बचा और न ही पेट भरने के लिए अनाज। सभी खुले आसमान के नीचे आ गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ितों से घटना के संबध में जानकारी ली।