कासिमाबाद(गाजीपुर)। स्थानीय कस्बे में युसूफपुर मार्ग स्थित एक विद्यालय पर गणतंत्र दिवस के दिन टेंट का पाइप उतारते समय हाईटेंशन तार से सट जाने से गंभीर रूप से झुलसे अमन कुमार की वाराणसी में गुरुवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। गणतंत्र दिवस के दिन युसूफपुर रोड स्थित एक विद्यालय में कार्यक्रम के लिए पिकअप से टेंट का सामान उतर रहा था । उसी दौरान मिर्जापुर गांव निवासी राजेश कुमार का पुत्र अमन कुमार (16) जो कक्षा 10 का छात्र बताया जाता है पाइप उतार रहा था। पाइप उतारते समय ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार से सट गया था। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया था। गंभीर अवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। जिला अस्पताल में स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया था। परिजनों के अनुसार वाराणसी में इलाज के दौरान सुबह अमन की मौत हो गई। इस मामले में अमन के पिता राजेश कुमार ने विद्यालय प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया है।